उमरिया: सिंगलटोला रेलवे फाटक पर पलटा लकड़ी से लदा भारी वाहन, चाय दुकान को नुकसान

उमरिया से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सिंगलटोला रेलवे फाटक के पास सड़क की बदहाली अब हादसों का कारण बनती जा रही है।
आज लकड़ी से लोड एक भारी वाहन सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और कीचड़ के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की चपेट में आने से सिंगलटोला निवासी संजय यादव की चाय-पान की दुकान को काफी नुकसान पहुंचा है। दुकानदार ने नुकसान की भरपाई की मांग की है।
गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। लेकिन सड़क की खराब हालत को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सिंगलटोला रेलवे फाटक के दोनों ओर सड़क पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में कीचड़ और पानी भरने से वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। भारी वाहनों का संतुलन बिगड़ने से लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।
वहीं सड़क खराब होने के कारण यहां जाम की स्थिति भी बनती है, जिससे राहगीरों और विभिन्न क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सिंगलटोला रेलवे फाटक मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

टिप्पणी करे