सवासन टेकड़ी पर जन्माष्टमी का भव्य आयोजन, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
प्रभातपट्टन। ब्लॉक के ग्राम पंचायत वलनी अंतर्गत सवासन टेकड़ी पर जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मां सवासिनी संस्कृति एवं शिक्षा विकास समिति के तत्वावधान में भव्य मेले एवं धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से टेकड़ी पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
मंदिर परिसर को फूलों की मालाओं, रंग-बिरंगी सजावट और रोशनी से आकर्षक रूप से सजाया गया। शंख, घंटियों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बारिश की मंद फुहारों के बीच श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सामूहिक लोक नृत्य में भी हिस्सा लिया।
आयोजन समिति के सदस्य जग्गू कोकोड़े एवं प्रवीण लोखंडे ने बताया कि मेले की बेहतर व्यवस्था के लिए स्वयंसेवकों के साथ राजस्व, विद्युत, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग का सहयोग लिया गया। मंदिर दर्शन व्यवस्था में कोटवार श्रीनाथ कोल्हे, मेघराज मालवी एवं नानेश्वर सूर्यवंशी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर दहीहंडी प्रसाद का वितरण किया गया। स्थानीय आदिवासी समुदाय द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं सवासन, पुसली, वलनी, गेंहूबारसा और छींदवाड़ सवासन के ग्रामीणों ने जगह-जगह भंडारे आयोजित किए।मेले में बच्चों के झूले, खिलौनों एवं खान-पान के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सवासन टेकड़ी को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।
काशीनाथ साहू के साथ दीपक डंडारे कि रिपोर्ट
न्यूज 24 पब्लिक टीवी
