महानदी मे डूबे युवक का नहीं मिला सुराग

उमरिया। जिले के चंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करहिया के समीप महानदी में एक युवक के डूबने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे 22 वर्षीय राहुल बर्मन महानदी के गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने काफी देर तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदिया निवासी राहुल बर्मन, पिता राजेश बर्मन, रविवार सुबह अपने साथी राज कुशवाहा, पिता स्वर्गीय नरेंद्र कुशवाहा और अन्य युवकों के साथ ग्राम करहिया गया था। बताया जा रहा है कि सभी लोग नहा रहे थे। इसी दौरान राहुल बर्मन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। नदी में काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन शाम तक युवक का पता नहीं चल सका।
युवक की तलाश में लगातार प्रयास किए गए, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान को आगे बढ़ाने में परेशानी आई। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा, ताकि लापता युवक की तलाश की जा सके।
इस घटना के बाद परिजनों और परिचितों में चिंता का माहौल है। सभी को युवक के मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस और रेस्क्यू टीम की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे