सड़क पर रोपा लगाकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

उमरिया। ग्राम पंचायत मानिकपुर के ग्राम कारीगढ़हरी में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। गांव के स्कूल के पास से लेकर बिलासपुर–उमरिया पहुंच मार्ग तक करीब 1 किलोमीटर सड़क बारिश के चलते कीचड़ और पानी से सराबोर है।बदहाल सड़क की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराने के लिए ग्रामीणों ने सड़क पर ही धान का रोपा लगाकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और सड़क की तस्वीरें एवं वीडियो बनाकर अपनी समस्या सामने रखी।ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क की हालत इतनी खराब हो जाती है कि आवागमन मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में भी परेशानी होती है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिलना चुनौती बन जाता है।ग्रामीणों का आरोप है कि विकास के दावों के बावजूद ग्राम पंचायत मानिकपुर के कई गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। सड़क निर्माण या मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।अब सवाल यह है कि बारिश के बीच बदहाल सड़क से जूझ रहे ग्रामीणों की आवाज प्रशासन कब सुनेगा?

टिप्पणी करे